मनातू / पलामू।
मनातू थाना क्षेत्र के पदमा गांव स्थित अमवाटोली में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 वर्षीय छात्र सूरज कुमार की मौत हो गई। मृतक सूरज कुमार, पिता उमेश कुमार, स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहा था, तभी तेज रफ्तार कार (JH01BV 1111) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही मनातू-पाटन-तरहसी मुख्य सड़क को जाम कर दिया। यह जाम दोपहर करीब 2 घंटे तक रहा, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
जाम हटाने पहुंची पुलिस टीम को ग्रामीणों के गुस्से का सामना करना पड़ा। समझाने के दौरान उग्र भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया, जिसमें एएसआई सुरेशचंद्र यादव, संतोष सिंह समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी का इलाज निजी अस्पताल में कराया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने 3 से 4 राउंड फायरिंग की। हालांकि, मनातू थाना प्रभारी अशोक टोप्पो ने बताया कि फायरिंग किसने की, यह स्पष्ट नहीं है और मामले की जांच की जा रही है। किसी तरह हालात को नियंत्रित कर पुलिस ने जाम हटवाया। मृतक के पिता के फर्द बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मेदिनीनगर एमएमसीएच के टीओपी प्रभारी महेंद्र कुमार ने बताया कि फर्द बयान लेकर संबंधित थाना भेज दिया गया है। बताया जाता है कि सूरज कुमार गांव के ही स्कूल में यूकेजी का छात्र था। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।






