मेदिनीनगर (पलामू)।
शहर थाना क्षेत्र के रेड़मा स्थित काशीनगर मुहल्ले में शुक्रवार की सुबह करीब 7 बजे एक 20 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
मृतक की पहचान पड़वा थाना क्षेत्र के चनेया गांव निवासी विनय पांडेय के पुत्र सौरभ कुमार पांडेय (20) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि सौरभ गुरुवार रात ही रांची से अपनी बहन के घर आया था।
सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर भेज दिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड टीम की मदद ली जा रही है और घटनास्थल के आसपास बारीकी से छानबीन की जा रही है। पुलिस द्वारा विभिन्न प्रकार के सैंपल भी एकत्र किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आ पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना का खुलासा हो सकेगा।






