पलामू।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद झारखंड के राज्य विश्वविद्यालय कार्य संयोजक मंजुल शुक्ल ने केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार ने शिक्षा और रोजगार के बीच के संबंध को मजबूत करने के लिए एक व्यापक योजना का प्रस्ताव किया है। बजट में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाने की बात कही गई है, जिसमें तीन नए फार्मास्युटिकल शिक्षा संस्थान और तीन आयुर्वेद कॉलेज स्थापित किए जाएंगे।
इसके साथ ही, पाँच विश्वविद्यालय टाउनशिप बड़े औद्योगिक और लॉजिस्टिक गलियारों के पास बनाई जाएंगी, जिससे छात्रों को शिक्षा और उद्योग दोनों से जुड़ी बेहतर संभावनाएँ मिल सकेंगी। विद्यार्थियों के लिए नए बालिका छात्रावासों की स्थापना और टेलिस्कोप जैसी उच्च तकनीकी सुविधाओं का निर्माण एवं नए एम्स की स्थापना भी एक सकारात्मक कदम है। साथ ही, ‘खेलो इंडिया मिशन’ की शुरुआत और ‘शिक्षा से रोजगार और नवाचार’ के लिए स्थायी समिति के गठन से छात्रों के लिए रोजगार और नवाचार के नए अवसर पैदा होंगे। यह बजट शिक्षा, रोजगार और नवाचार को एकजुट करने की दिशा में एक अहम कदम है, जो विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
केंद्रीय बजट में शिक्षा, रोजगार और नवाचार को प्राथमिकता, विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य के लिए ऐतिहासिक कदम : अभाविप






