मेदिनीनगर।
छात्र हितों से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों, विशेषकर ओबीसी छात्रवृत्ति की राशि अब तक जारी नहीं किए जाने के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) आगामी 10 जनवरी को झारखंड भर में राज्यव्यापी आंदोलन करेगा। यह जानकारी एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष अमरनाथ तिवारी ने दी।
अमरनाथ तिवारी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा ओबीसी वर्ग के छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति की राशि अब तक जारी नहीं किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे राज्य के ओबीसी समुदाय के विद्यार्थियों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। छात्रवृत्ति नहीं मिलने के कारण हजारों छात्र आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं, जिसका सीधा असर उनकी पढ़ाई पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि ओबीसी छात्रवृत्ति छात्रों का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन केंद्र सरकार की उदासीनता के कारण यह अधिकार छीना जा रहा है। एनएसयूआई इस अन्याय को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही ओबीसी छात्रवृत्ति की राशि जारी नहीं की गई और छात्रों से जुड़ी अन्य समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो संगठन आंदोलन को और तेज व व्यापक करने के लिए बाध्य होगा।
अमरनाथ तिवारी ने राज्य के सभी छात्र-छात्राओं से 10 जनवरी को होने वाले राज्यव्यापी आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
ओबीसी छात्रवृत्ति समेत विभिन्न मांगों को लेकर एनएसयूआई 10 जनवरी को करेगा राज्यव्यापी आंदोलन






