
मेदिनीनगर।
एनएसयूआई के जीएलए कॉलेज अध्यक्ष रिशु राज दुबे ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जीएलए कॉलेज में व्याप्त गंभीर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अव्यवस्थाओं पर कड़ा आक्रोश जताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. दिनेश सिंह द्वारा नियुक्त प्रभारी प्राचार्य राकेश सिंह न तो समय पर कॉलेज आते हैं और न ही समय पर जाते हैं। कई बार वे चार–पांच दिनों तक कॉलेज से पूरी तरह नदारद रहते हैं, जिससे छात्र–छात्राओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
दुबे ने कहा कि कॉलेज में बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है। विद्यार्थियों के लिए शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है, वॉशरूम की स्थिति बदहाल है और छात्राओं के लिए गर्ल्स कॉमन रूम तक की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है। इससे विशेष रूप से छात्राओं को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई विषयों में शिक्षकों की भारी कमी है, जो विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खुला खिलवाड़ है। कुछ विषयों में एक भी शिक्षक उपलब्ध नहीं है, जबकि जिन विषयों में शिक्षक हैं, उन्हें विश्वविद्यालय में अन्य पदों पर बैठा दिया गया है। ऐसे में विद्यार्थी पढ़ना तो चाहते हैं, लेकिन पढ़ाने वाला कोई नहीं है।
एनएसयूआई कॉलेज अध्यक्ष रिशु राज दुबे ने कॉलेज प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि इन सभी समस्याओं का अविलंब समाधान किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो एनएसयूआई आंदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन और कॉलेज प्रशासन की होगी।






