मेदिनीनगर।
एमएमसीएच में बुधवार की रात्रि मरीज को समाप्ति तिथि पार कर चुका एनएस (नॉर्मल सलाइन) चढ़ाने का गंभीर मामला सामने आया। जिसके बाद मरीज के परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर विरोध-प्रदर्शन किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तरहसी थाना क्षेत्र निवासी रविंद्र नाथ शुक्ला के पुत्र राजीव रंजन शुक्ला (40) बुधवार को किसी कार्य से मेदिनीनगर आए थे। शाम को घर लौटने के दौरान लेस्लीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंदरी गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से वह घायल हो गए जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए एमएमसीएच लाया गया। जहां इनका इलाज चल रहा था।
इलाज के दौरान परिजनों का आरोप है कि चिकित्सा कर्मियों ने उन्हें जो एनएस चढ़ाया, उसकी समाप्ति तिथि जनवरी 2026 को ही समाप्त हो चुकी थी। एक्सपायरी द्रव चढ़ाने के बाद मरीज की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों का कहना है कि यह गंभीर लापरवाही है और इससे किसी की भी जान जोखिम में पड़ सकती है। अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों के परिजनों ने भी आरोप लगाया कि उनके मरीजों को भी समाप्ति तिथि पार कर चुके द्रव चढ़ाए गए। हंगामे के दौरान एक मरीज के मुंह से झाग निकलने की भी बात सामने आई।
माहौल बिगड़ता देख अस्पताल पुलिस चौकी के पदाधिकारी और जवान ने लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। घटना कई बाद अस्पताल अधीक्षक भी पहुंचे। फिलहाल इस पूरे प्रकरण को लेकर अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।






