मेदिनीनगर।
रामनवमी कमिटी के अध्यक्ष श्री जुगल किशोर ने बुधवार को नवटोली स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में नगर निगम चुनाव नहीं लड़ने का औपचारिक ऐलान किया। इस अवसर पर उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) समर्थित महापौर प्रत्याशी श्रीमती पूनम सिंह को अपना समर्थन देने की घोषणा की।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए श्री जुगल किशोर ने कहा कि स्वास्थ्य कारणों एवं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्णय को ध्यान में रखते हुए उन्होंने यह फैसला लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी जो भी निर्णय लेगी, वे उसके साथ पूरी मजबूती से खड़े रहेंगे और आने वाले चुनाव में पूनम सिंह के समर्थन में पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगे।
इस मौके पर झामुमो जिला अध्यक्ष श्री राजेंद्र प्रसाद ने जुगल किशोर के इस निर्णय को त्याग और समर्पण का प्रतीक बताते हुए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि जुगल किशोर का यह कदम पार्टी और संगठन के लिए प्रेरणादायी है, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।
वहीं, महापौर प्रत्याशी श्रीमती पूनम सिंह ने पार्टी नेतृत्व एवं जुगल किशोर द्वारा मिले समर्थन के लिए आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि वे जनता के विश्वास पर खरा उतरने और मेदिनीनगर के समग्र विकास के लिए पूरी ईमानदारी और निष्ठा से कार्य करेंगी।
प्रेस वार्ता के दौरान बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।






