
मेदिनीनगर।
शहर थाना क्षेत्र के जेलहाता स्थित सर्वोदय नगर में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए नकद व कीमती जेवरात की चोरी कर ली। इस संबंध में गृह स्वामी सतीश पांडेय ने मेदिनीनगर शहर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सतीश पांडेय अपनी पत्नी के इलाज के लिए 5 दिसंबर को रांची गए हुए थे। घर में एक रिश्तेदार रह रहा था, लेकिन वह भी शनिवार को अपने गांव बालूमाथ चला गया था। इसी दौरान किसी परिचित ने उन्हें सूचना दी कि उनके घर का ग्रिल का ताला टूटा हुआ है।
सूचना मिलने पर सतीश पांडेय रांची से लौटकर घर पहुंचे तो देखा कि कमरे और बक्से के ताले टूटे हुए हैं तथा घर का सारा सामान बिखरा पड़ा है। जांच करने पर घर से करीब 5 हजार रुपये नकद और लगभग 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने गायब पाए गए। पीड़ित के अनुसार, चोरों ने रात करीब 1 बजे से 3 बजे के बीच चोरी की घटना को अंजाम दिया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने पर तीन संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए हैं, जिनमें से एक व्यक्ति लंगड़ाकर चलता नजर आ रहा है। तीनों ने अपने चेहरे ढक रखे थे।
शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने बताया की इस मामले में प्राथमिकता दर्ज कर ली गई है तथा पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।






