मेदिनीनगर।
शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत सादिक चौक के पास शहर थाना पुलिस ने करोड़ों रुपये की अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की है। यह कार्रवाई बिहार सीआईडी से प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिली थी कि पंजाब से एक ट्रक में अवैध शराब लादकर लाया जा रहा है।
बुधवार रात्रि करीब 2 बजे वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध ट्रक (नंबर BR HGC 3084) को रोककर तलाशी ली। जांच के क्रम में ट्रक से सैकड़ों पेटी अवैध शराब बरामद की गई। शराब की खेप को छिपाने के लिए ट्रक में ऊपर और नीचे खेती में उपयोग होने वाला पोटाश लोड किया गया था, जबकि बीच में शराब की पेटियां रखी गई थीं, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके।
पुलिस ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें दो ट्रक चालक और एक सह चालक शामिल हैं। प्रारंभिक पूछताछ में जानकारी मिली है कि गिरफ्तार व्यक्तियों में दो बिहार तथा एक हरियाणा के निवासी हैं। आशंका जताई जा रही है कि शराब की इस खेप को नगर निगम क्षेत्र में खपाने की योजना थी।
शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने बताया की जब्त शराब की कुल कीमत करोड़ों में हो सकती है, गिनती जारी है। वही मामले की गहन जांच जारी है तथा इस अवैध तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।






