
मेदिनीनगर।
चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरटाड़ उत्क्रमित मध्य विद्यालय के पास चैनपुर पुलिस के द्वारा ब्राउन सुगर की खरीद–बिक्री में शामिल तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए तस्करों के पास से 29.24 ग्राम ब्राउन सुगर बरामद हुआ है, जो 69 पुड़ियों में पैक था। इसके अलावा तस्कर के पास से 4400 रुपये नकद भी पुलिस ने जब्त किया।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान बादल कुमार, हर्षित राज और मनीष कुमार, तीनों निवासी सेमरटाड़, के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार ये लोग लंबे समय से ब्राउन सुगर की खुदरा बिक्री करते आ रहे थे। फरार साथियों के पकड़े जाने के बाद माल की आपूर्ति शृंखला और स्रोतों का खुलासा होने की उम्मीद है।
प्रशिक्षु डीएसपी राजीव रंजन ने गुरुवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर बताया कि बरामद ब्राउन सुगर का बाजार मूल्य लगभग 35 हजार रुपये है। तस्कर एक दिन में 69 पुड़िया बेचने की कोशिश करते थे, जिनमें से आधी से अधिक आसानी से बिक जाती थीं। एक पुड़िया 500 रुपये में बेची जाती थी, जिसमें एक ग्राम से भी कम ब्राउन सुगर रहता था। खुदरा तस्करी करने वाले ये तीनों आरोपी मेदिनीनगर शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पहले से चिन्हित नशा करने वालों को ब्राउन सुगर की आपूर्ति करते थे। पुलिस अब सप्लाई चेन तक पहुंचने के लिए फरार तस्करों की तलाश तेज कर चुकी है।
अवैध मादक पदार्थ कारोबार में तीन अन्य तस्कर भी शामिल बताए जा रहे हैं, जो फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
इस छापामारी दल में शामिल चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा, पु०अ०नि० अनिल विद्यार्थी, पु०अ०नि० छत्रधारी कुमार, पु०अ०नि० बाबुलाल दुबे, चैनपुर थाना,स०अ०नि० विनोद कुजूर तथा चैनपुर थाना रिजर्व गार्ड शामिल थे।






