रामगढ़ (पलामू)। रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत उलडंडा पंचायत के बानालात तीन मुहान के पास रविवार शाम करीब पांच बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बिजली पोल लगाने वाले एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो लोगों को चपेट में ले लिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है।
मृतक की पहचान बानालात निवासी 58 वर्षीय कन्हाई सिंह (पिता– बाल्केश्वर सिंह) के रूप में हुई है। वहीं घायल विवेक सिंह को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए एमएमसीएच भेजा गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों रामगढ़ बाजार से खरीदारी कर अपने घर लौट रहे थे। किसी आवश्यकता के तहत अजय शाह की दुकान के पास मोटरसाइकिल खड़ी कर वे खड़े थे, तभी पोल गाड़ने वाले ट्रैक्टर ने अनियंत्रित होकर उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक मशीन के नीचे दब गई और कन्हाई सिंह को गंभीर चोट लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रैक्टर को एक मजदूर चला रहा था, जिससे लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।






