होम  झारखंड पलामू प्रमंडल शिक्षा धर्म जीवन शैली स्वास्थ्य

ओझा-गुणी के शक में बुजुर्ग की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार, 40 हजार की सुपारी देकर रची गई थी साजिश

On: December 29, 2025 9:18 AM
Follow Us:

मेदिनीनगर (पलामू)।

जिले के नीलांबर-पीतांबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत 65 वर्षीय बुजुर्ग पच्चू मोची की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या में संलिप्त चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपित मृतक के अपने ही परिवार (गोतिया) के सदस्य हैं, जिन्होंने ओझा-गुणी के शक में पच्चू मोची की निर्मम हत्या की थी। गिरफ्तार आरोपितों में लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के नावाडीह तेनार निवासी धनंजय रविदास (33), बब्लू मोची (38), मनातू थाना क्षेत्र के गवही निवासी सत्येंद्र कुमार (32) एवं मुनेश्वर कुमार रवि (20) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों के पास से हत्या में प्रयुक्त खून लगा चाकू भी बरामद किया है। सभी आरोपितों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

सोमवार को अपने कार्यालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस कप्तान रीष्मा रमेशन ने बताया कि पच्चू मोची की हत्या के लिए 40 हजार रुपये की सुपारी दी गई थी, जिसमें 10 हजार रुपये अग्रिम के तौर पर दिए गए थे।
उन्होंने बताया कि पच्चू मोची 22 दिसंबर को जंगल में मवेशी चराने के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। 24 दिसंबर को डबरा जंगल में सिर कटी लाश मिलने की सूचना पुलिस को मिली। जब पुलिस ने परिजनों से थाना में आवेदन देने को कहा, तो वे टालमटोल करने लगे, जिससे पुलिस को शक हुआ।

अनुसंधान के दौरान पता चला कि करीब तीन माह पूर्व पच्चू मोची के घर से 4500 रुपये गुम हो गए थे। इस बात से नाराज होकर उसने घर के देवता को तोड़कर फेंक दिया था। इसके बाद धनंजय रविदास के घर उसकी मां और भाई की मौत हो गई, वहीं पच्चू के पोता-पोती भी बीमार रहने लगे। इन घटनाओं के लिए परिवार के लोग पच्चू को ही जिम्मेदार मानने लगे।
इसी अंधविश्वास के चलते धनंजय रविदास और बब्लू मोची ने मिलकर पच्चू की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत 20 दिसंबर को बब्लू मोची ने फोन-पे के माध्यम से धनंजय को 7 हजार रुपये भेजे। धनंजय ने अपनी ओर से 3 हजार रुपये मिलाकर 21 दिसंबर को अपने साले सत्येंद्र मोची के बताए अनुसार प्रज्ञा केंद्र के माध्यम से 10 हजार रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद सत्येंद्र मोची ने अपने साले मुनेश्वर कुमार रवि के कहने पर अनिल मोची के खाते में 9 हजार रुपये भेजे।

इसके बाद मुनेश्वर कुमार रवि, अनिल मोची एवं एक अन्य सहयोगी हेरहंज (लातेहार) से मोटरसाइकिल पर धनंजय के घर पहुंचे और रात वहीं रुके। 22 दिसंबर को धनंजय के इशारे पर पच्चू मोची की चाकू से हत्या कर सभी आरोपी फरार हो गए। पुलिस कप्तान ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है। छापामारी दल में लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय, एसआई विक्रमशील, राजू मांझी एवं एएसआई अजय कुमार शामिल थे।

छापामारी दल में लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय, पु०अ०नि० श्री विक्रमशील, पु०अ०नि० श्री राजू मांझी, स०अ०नि० श्री अजय कुमार तथा लेस्लीगंज थाना रिजर्व गार्ड शामिल थे।

ipnnews14@gmail.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment