
हैदरनगर (पलामू)।
चाची की लगातार डांट-फटकार और नशेड़ी कहे जाने से आहत एक भतीजे ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की साजिश रच डाली। यह वारदात पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुकही गांव के मुगलजान टोले में 20–21 नवंबर की रात हुई थी। आरोपियों ने शिक्षक दंपति मृत्युंजय मेहता और उनकी पत्नी अनिता देवी को बंधक बनाकर मारपीट करते हुए लूट की घटना को अंजाम दिया था।
घटना के 27 दिनों के भीतर पुलिस ने मामले का उद्भेदन करते हुए शिक्षक दंपति के भतीजे नीरज कुमार (19 वर्ष), पिता अजय प्रसाद, एवं उसके साथी ओमप्रकाश सिंह उर्फ दीपक सिंह उर्फ दीपू (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी कुकही गांव के ही निवासी हैं। वहीं, घटना में शामिल तीसरा आरोपी विक्की कुमार को औरंगाबाद पुलिस ने 2 दिसंबर को एक अन्य मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। अन्य तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
गुरुवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर पलामू पुलिस कप्तान रीष्मा रमेशन ने बताया कि नीरज कुमार को उसकी चाची अनिता देवी अक्सर सार्वजनिक रूप से अपमानित करती थी और नशीले पदार्थ के सेवन का आरोप लगाती थी। 20 नवंबर को भी उसे सबके सामने डांट-फटकार लगाई गई, जिससे वह अत्यधिक आक्रोशित हो गया। इसी आक्रोश में उसने अपने चाचा-चाची को सबक सिखाने की योजना बनाई।
पुलिस कप्तान ने बताया कि शुरुआत में ओमप्रकाश इस योजना के लिए तैयार नहीं था। इसी दौरान ओमप्रकाश का साथी विक्की कुमार गांव आया, जो पहले से आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। ओमप्रकाश ने विक्की की मुलाकात नीरज से कराई और लूट की योजना पर चर्चा हुई। बताया गया कि ओमप्रकाश की बेटी की शादी होने वाली है और लूट से ज्वेलरी व नकदी मिल सकती है। इसके बाद नीरज, ओमप्रकाश, विक्की समेत कुल छह लोग शिक्षक मृत्युंजय प्रसाद मेहता के घर में घुसे और मारपीट कर लूटपाट की।
मामले की जांच के लिए हुसैनाबाद एसडीपीओ एस. मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। टीम में हुसैनाबाद अंचल निरीक्षक विनोद राम, हैदरनगर थाना प्रभारी अफजल अंसारी, देवरी ओपी प्रभारी बबलू कुमार, दंगवार प्रभारी सोनू गुप्ता तथा पुलिस पदाधिकारी धन्नजय कुमार गोप, आशीष कुमार, मुकेश कुमार सिंह, रमन कुमार और सौरभ चौबे शामिल थे।
अनुसंधान के क्रम में 17 दिसंबर को सबसे पहले नीरज कुमार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार करते हुए अपने साथियों की जानकारी दी। उसके घर से लूटा गया एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। उसकी निशानदेही पर ओमप्रकाश को गिरफ्तार किया गया, जिसके घर से घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पलामू पुलिस कप्तान ने बताया कि विक्की कुमार औरंगाबाद के खैरा एनटीपीसी थाना क्षेत्र अंतर्गत घूजा गांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ बिहार के खैरा एनटीपीसी थाना में चार तथा छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज में एक आपराधिक मामला दर्ज है। उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ के बाद लूटी गई ज्वेलरी, नकदी और अन्य सामान की बरामदगी की जाएगी।






