होम  झारखंड पलामू प्रमंडल शिक्षा धर्म जीवन शैली स्वास्थ्य

सात साल से फर्जी अधिकारी बनकर घूम रहा था युवक,जमीनी विवाद में पैरवी करने पहुंचा था थाना, पुलिस ने किया गिरफ्तार

On: January 6, 2026 9:04 AM
Follow Us:

मेदिनीनगर/हुसैनाबाद।

जमीनी विवाद में पैरवी के नाम पर खुद को केंद्र सरकार का अधिकारी बताने वाले एक युवक को हुसैनाबाद पुलिस ने फर्जीवाड़े के आरोप में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राजेश कुमार (35 वर्ष), पिता स्वर्गीय राम किशोर राम, निवासी कुकही, थाना हैदरनगर, जिला पलामू के रूप में हुई है। थाना प्रभारी सोनू चौधरी ने बताया की शुक्रवार को करीब 4 बजे राजेश कुमार हुसैनाबाद थाना प्रभारी से मिलने पहुंचा। उसने अपना परिचय वर्ष 2014 बैच के ओडिशा कैडर के IPTAFS अधिकारी के रूप में दिया और वर्तमान में भुवनेश्वर के खरवेला नगर में सीएओ पद पर पदस्थापित होने का दावा किया। बातचीत के दौरान उसने देहरादून, हैदराबाद और भुवनेश्वर में पोस्टिंग का भी उल्लेख किया। थाना प्रभारी को उसके दावों पर संदेह हुआ। जब विभिन्न राज्यों में पदस्थापना को लेकर सवाल किया गया तो उसने खुद को आईएएस नहीं, बल्कि IPTAFS अधिकारी बताया और इसे आईएएस के समकक्ष सेवा बताया। इसके बाद वह थाना से चला गया। संदेह गहराने पर थाना प्रभारी ने पूरे मामले की सूचना अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हुसैनाबाद को दी।

पुलिस द्वारा प्रारंभिक जांच में उसके गांव के लोगों एवं अन्य स्रोतों से पूछताछ की गई, जिसमें स्पष्ट हुआ कि वह किसी भी प्रकार का सरकारी अधिकारी नहीं है। इसके बाद उसे थाना बुलाकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान वह अपनी नियुक्ति पत्र, पहचान पत्र या विभागीय दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और संतोषजनक जवाब भी नहीं दे पाया। अंततः उसने स्वीकार किया कि वह IPTAFS अधिकारी नहीं है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अभियुक्त ने UPSC परीक्षा में चार बार प्रयास किया था, लेकिन असफल रहा। पिता का सपना पूरा न कर पाने के कारण उसने अपने परिवार और रिश्तेदारों से झूठ बोल दिया और पिछले 6–7 वर्षों से खुद को फर्जी IPTAFS अधिकारी बताकर घूम रहा था।

इस संबंध में हुसैनाबाद थाना में मामला दर्ज कर अभियुक्त राजेश कुमार को गिरफ्तार किया गया। जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे भी जांच की जा रही है कि अभियुक्त ने फर्जी पहचान के सहारे कहीं और किसी प्रकार का लाभ तो नहीं उठाया।

छापामारी दल एवं जाँच पडताल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी
एस० मोहम्मद याकूब , हुसैनाबाद थाना प्रभारी सोनू कु० चौधरी, पु०नि० सह थाना प्रभारी, पु०अ०नि० धनंजय कु० गोप, प्रभारी देवरी ओ०पी० बबलु कुमार, पु०अ०नि० रमन यादव, पु०अ०नि० मुकेश कुमार सिंह, हुसैनाबाद थाना (अनुसंधानकर्ता) शामिल थे।

ipnnews14@gmail.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment