
मेदिनीनगर। ब्राह्मण उच्च विद्यालय के प्रशाल में मंगलवार को अपराह्न 3:30 बजे माध्यमिक शिक्षक संघ के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं गणेश लाल अग्रवाल उच्च विद्यालय के सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक स्वर्गीय भिखारी राम के निधन पर शोक सभा का आयोजन किया गया।
शोक सभा में उपस्थित शिक्षकों ने अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुए स्व. भिखारी राम के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपने संपूर्ण सेवा काल में छात्रों के हित को सर्वोपरि रखा तथा शिक्षक संगठन में विभिन्न पदों को सुशोभित करते हुए शिक्षक एवं छात्र कल्याण के लिए उल्लेखनीय कार्य किए।
सभा के दौरान उपस्थित सभी शिक्षकों एवं शिक्षाविदों ने नम आंखों से दो मिनट का मौन रखकर स्व. भिखारी राम को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की तथा ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
शोक सभा में श्री सत्यनारायण तिवारी, श्री विश्वनाथ दुबे, श्री चंद्रबली चौबे, श्री कमलाराम दुबे, श्री रामाश्रय दुबे, श्री सतीश कुमार दुबे, श्री उपेंद्र कुमार सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।






