
मेदिनीनगर ।
पलामू में चालू वित्त वर्ष में अब तक 4206 महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ प्रदान किया गया है। जिले में चालू वित्त वर्ष में 13,125 महिलाओं को मातृ वंदना योजना का लाभ देने का लक्ष्य निर्धारित है। इस योजना के तहत गर्भवती होनी वाली महिला को रजिस्ट्रेशन कराने पर तीन हजार रुपए और प्रसव उपरांत संतान को पेंटा का टीका लगने के उपरांत दो हजार रुपए का भुगतान लाभुक के खाते में की जाती है। वहीं दूसरी बार गर्भवती होने और संतान के रूप में पुत्री होने पर एक मुश्त छह हजार रुपए का लाभ लाभार्थी को दिया जाता है।
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान ने बताया कि 17 दिसंबर तक जिले के 4206 लाभार्थी को इसका लाभ प्रदान किया गया है। इस योजना का मुख्य उदेश्य गर्भवती और स्तनपान कराने वाली माताओं को पहले जीवित बच्चे के लिए पांच हजार की वित्तीय सहायता और कुछ शर्तों के साथ दूसरे बच्चे के रूप में लड़की होने पर एक मुश्त छह हजार रुपए मिलता है। इसका लक्ष्य मातृत्व स्वास्थ्य और पोषण में सुधार करना है।
यह योजना स्वास्थ्य और पोषण संबंधी जरूरतों के लिए सीधे लाभुकों के खाते में राशि ट्रांसफार्मर किया जाता है। जिससे कुपोषण कम हो और मां व शिशु का स्वास्थ्य बेहतर हो सके। उन्होंने कहा कि इस बार से सेविकाओं को भी एक लाभार्थी के आवेदन करने पर प्रोत्साहन राशि के रूप में 250 रुपए दिया जा रहा है। इस कारण सेविकाएं इस योजना को लेकर गंभीर है और अधिक से अधिक लाभार्थी को इस योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रेरित भी कर रहीं हैं।
पलामू जिले में 14 परियोजना के तहत अभी तक प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत विश्रामपुर परियोजना के 555 लाभुकों को लाभ दिया गया है। इसी प्रकार चैनपुर में 421, छतरपुर परियोजना के तहत 387, मेदिनीनगर ग्रामीण में 190, मेदिनीनगर शहरी में 169, हैदरनगर परियोजना के तहत 119, हरिहरगंज में 59, हुसैनाबाद में 306, लेस्लीगंज में 441, मनातू में 202 नौडीहा बाजार में 179, पांकी परियोजना के तहत 442, पाटन में 529 और तरहसी परियोजना के तहत अब तक 207 योग्य महिलाओं को इस योजना का लाभ दिया गया है।






