मेदिनीनगर।
जेएमएम समर्थित उम्मीदवार पूनम सिंह ने रविवार को सिंगरा कलां में जनसंपर्क के दौरान क्षेत्र की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। इस दौरान सामने आई स्थिति ने सभी को चिंतित कर दिया। सिंगरा कलां नगर निगम क्षेत्र में होने के बावजूद विकास से कोसों दूर नजर आया।
स्थानीय लोगों ने पूनम सिंह को बताया कि इलाके में आज तक न तो पक्की सड़कों का निर्माण हो पाया है और न ही नालियों की कोई समुचित व्यवस्था है। बरसात के दिनों में हालात और बदतर हो जाते हैं। वहीं रात के समय पूरे क्षेत्र में अंधेरा छाया रहता है, क्योंकि स्ट्रीट लाइट की कोई व्यवस्था नहीं है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को अब तक आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। वर्षों से लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जबकि जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और अधिकारी केवल कागजों में विकास दिखाने तक सीमित हैं।
सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि यहां की जनता खेती योग्य जमीन पर भी नगर निगम को टैक्स देने को मजबूर है, लेकिन बदले में सड़क, नाली, बिजली और रोशनी जैसी मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। टैक्स की नियमित वसूली के बावजूद सुविधाओं का अभाव लोगों में गहरी नाराजगी पैदा कर रहा है।
इस मौके पर पूनम सिंह ने कहा की सिंगरा कलां की हालत यह बताती है कि पिछले कई वर्षों में यहां सिर्फ दिखावटी विकास हुआ है। न सड़क है, न नाली, न रोशनी की व्यवस्था और न ही गरीबों को उनका हक मिला है। ऊपर से जनता खेती वाली जमीन पर भी टैक्स दे रही है और बदले में सुविधाएं नदारद हैं। यह जनता के साथ सीधा अन्याय है। मैं वादा करती हूं कि सिंगरा कलां के हर नागरिक को उसका हक दिलाने के लिए पूरी ताकत से आवाज उठाऊंगी और इस क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर रहूंगी।
उन्होंने आगे कहा कि अब बहुत हो चुका है और सिंगरा कलां के लोगों को उनका अधिकार दिलाने की लड़ाई मजबूती से लड़ी जाएगी। क्षेत्र का समुचित विकास, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और आवास जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी।






